Last Updated on: Aug 17, 2026
NEP 2020 का 5+3+3+4 School Structure दर्शाते चार developmental stagesNEP 2020 का 5+3+3+4 School Structure: Foundational से Secondary Stage तक बच्चों की विकासात्मक learning journey

NEP 2020 का 5+3+3+4 School Structure भारतीय school education को बच्चे के विकास के अलग-अलग चरणों के अनुरूप समझने और व्यवस्थित करने का प्रयास है। पुरानी 10+2 व्यवस्था के विपरीत इसमें 3 से 18 वर्ष की आयु को Foundational, Preparatory, Middle और Secondary—चार developmental stages में देखा गया है। इसका उद्देश्य केवल कक्षाओं का पुनर्वर्गीकरण करना नहीं, बल्कि curriculum, pedagogy और assessment को बच्चों की उम्र, सीखने की जरूरतों और विकासात्मक विशेषताओं के अनुरूप बनाना है। इस लेख में हम समझेंगे कि 5+3+3+4 Structure में क्या बदला है, प्रत्येक stage की विशेषताएँ क्या हैं और इसका school education की वास्तविक प्रक्रिया पर क्या प्रभाव पड़ता है।

NEP 2020 का नया 5+3+3+4 School Structure क्या है?

 राष्ट्रीय शिक्षा नीति  2020 में 5+3+3+4 को केवल कक्षा-विभाजन का नया तरीका समझना अधूरा होगा। वास्तव में यह स्कूल शिक्षा के curriculum, pedagogy, assessment और बच्चों के विकास की समझ को पुनर्गठित करने का प्रयास है। NEP 2020 ने 3–18 वर्ष की आयु को चार developmental stages में देखने का प्रस्ताव किया है।

1. पहले समझें—10+2 से 5+3+3+4 में बदला क्या?

पुरानी व्यवस्था को मोटे तौर पर इस तरह देखा जाता था:

10+2 → कक्षा 1–10 + कक्षा 11–12 (यहाँ ध्यान दें – इसमें 3 से 6 आयु के बच्चे शामिल नहीं थे) अब नई संरचना देखे-

नई संरचना:

Stageअवधिकक्षाएँआयुमुख्य शैक्षिक दृष्टिकोण
Foundational5 वर्ष3 वर्ष Preschool/Anganwadi + कक्षा 1–23–8Play & Activity-based
Preparatory3 वर्षकक्षा 3–58–11Discovery, Activity & Experiential Learning
Middle3 वर्षकक्षा 6–811–14Subject-oriented & Abstract Thinking
Secondary4 वर्षकक्षा 9–1214–18Multidisciplinary, Depth, Choice & Critical Thinking

यह संरचना NEP 2020 में स्पष्ट रूप से 3–18 वर्ष के developmental stages से जोड़ी गई है।

सबसे महत्वपूर्ण बात: इसमें “5” का अर्थ पाँच साल की औपचारिक schooling नहीं है। इसमें 3 वर्ष की preschool/ECCE + कक्षा 1 और 2 शामिल हैं।

2. 5+3+3+4 वास्तव में क्यों लाया गया?

इस सवाल के उत्तर तक पहुँचने के लिए निश्चित ही NEP 2020 का मूल प्रश्न यह रहा होगा:

क्या एक 5 वर्ष के बच्चे को उसी प्रकार पढ़ाया जाना चाहिए जिस प्रकार 15 वर्ष के बच्चे को पढ़ाया जाता है?

और इसके उत्तर स्वाभाविक रूप से नहीं है। क्योंकि-

बच्चे की उम्र के साथ उसकी भाषा संबंधी क्षमता, सामाजिक-भावनात्मक समझ, शारीरिक और संज्ञानात्मक विकास, तार्किक एवं अमूर्त चिंतन तथा सीखने की जरूरतों में लगातार बदलाव आता है। इसलिए हर उम्र के बच्चे के लिए एक जैसी सीखने-सिखाने की प्रक्रिया व  शिक्षण-पद्धति उपयुक्त नहीं हो सकती।

इसलिए NEP 2020 curriculum और pedagogy को बच्चे के developmental stage के अनुरूप बनाने की बात करता है। NCF-SE 2023 भी इसी logic को आगे बढ़ाता है। अर्थात  इस नीति के अनुसार  पहले structure बच्चे के हिसाब से तय होगा; फिर इसके अनुसार curriculum और pedagogy विकसित होंगे।

पहला Stage — Foundational Stage: (5 वर्ष)

आयु: 3-6 वर्ष | 3 वर्ष आंगनवाडी/प्री स्कूल/बालवाटिका + कक्षा 1 एवं 2

NEP 2020 में 3 से 8 वर्ष की आयु को Foundational Stage माना गया है। इसमें शुरुआत के 3 वर्ष आंगनवाड़ी, प्री-स्कूल या बालवाटिका में और उसके बाद कक्षा 1 और 2 के 2 वर्ष शामिल होते हैं। इस तरह ये पूरे 5 वर्ष मिलकर Foundational Stage बनाते हैं। यह NEP 2020 के महत्वपूर्ण बदलावों में से एक है, क्योंकि इसमें बच्चे की शुरुआती शिक्षा को केवल स्कूल की कक्षा 1 से शुरू मानने के बजाय 3 वर्ष की उम्र से ही उसकी सीखने की यात्रा का हिस्सा माना गया है।

5 वर्ष क्यों?

पहले preschool और primary school को अक्सर दो अलग-अलग चरणों के रूप में देखा जाता था, लेकिन NEP 2020 इस सोच में बदलाव की बात करता है। इसके अनुसार Early Childhood Care and Education (ECCE) से लेकर कक्षा 1–2 तक बच्चों की सीखने की प्रक्रिया में निरंतरता होनी चाहिए। इस उम्र में बच्चे किताबों से ज्यादा खेलने, गतिविधियों में भाग लेने, खोजने, दूसरों से बातचीत करने और भाषा के माध्यम से अपनी बात कहने से सीखते हैं। इसी क्रम में धीरे-धीरे उनमें पढ़ने-लिखने और गणित की शुरुआती समझ विकसित होती है। इसलिए NCF Foundational Stage में लचीली, बहु-स्तरीय और खेल-आधारित सीखने की प्रक्रिया पर जोर देता है।

यहाँ textbook सबसे महत्वपूर्ण माध्यम नहीं है

Foundational Stage में बच्चे खेल और गतिविधियों से अधिक आसानी से सीखते हैं। इसलिए खिलौने, पहेलियाँ, चित्र-पुस्तकें और सीखने की सामग्री उपयोगी होते हैं। Grade 1 में किताबों और कार्यपुस्तिकाओं की भूमिका बढ़ती है। इस stage में assessment भी परीक्षा से नहीं, बल्कि बच्चे को देखकर और उसकी सीख को समझकर किया जाना चाहिए। Grade 1–2 में भी नियमित tests और examinations पर जोर देना उचित नहीं है।

दूसरा Stage — Preparatory Stage (3 वर्ष)

आयु: 8 –11 वर्ष | कक्षाएँ: 6–8

8–11 वर्ष की उम्र में बच्चा धीरे-धीरे खेल और गतिविधि आधारित सीखने से व्यवस्थित सीखने की ओर बढ़ता है। फिर भी गतिविधियों का महत्व बना रहता है। इस stage में भाषा, गणित, कला, शारीरिक शिक्षा और अपने आसपास की दुनिया को समझने पर जोर दिया जाता है। साथ ही, बच्चों को काम और शुरुआती व्यावसायिक कौशल से भी परिचित कराया जाता है। कक्षा 3 तक मूलभूत साक्षरता एवं संख्या ज्ञान को प्राप्त कर लेने को महत्त्व दिया गया है.

यहाँ pedagogical transition होता है:

सीखने का तरीका धीरे-धीरे बदलता है। खेल से गतिविधि, खोज और अनुभव की ओर बढ़ते हुए कक्षा में सीखना अधिक सक्रिय और संवादपूर्ण होता जाता है। इसलिए कक्षा 3 में अब वे बड़े हो गए हैं  ‘किताब और गृहकार्य बाधा दो’ सोचना सही नहीं है.

तीसरा Stage — Middle Stage

आयु: 11–14 वर्ष | कक्षाएँ: 6–8

इस stage में बच्चों की सीखने की दुनिया थोड़ी बदलती है। अब वे अलग-अलग विषयों और उनसे जुड़े मूल concepts को व्यवस्थित रूप से समझने लगते हैं। गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान और भाषाओं के साथ कला, शारीरिक शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा और अन्य क्षेत्रों को भी सीखने का हिस्सा बनाया जाता है। इस stage में बच्चों को केवल जानकारी देने के बजाय समझने, सवाल पूछने, तर्क करने और अपने अनुभवों से जोड़कर सीखने के अवसर देना महत्वपूर्ण है।

यहाँ  सीखने की प्रकृति (learning का nature) बदलता है:

Grade 6 से सीखने का तरीका बदलने लगता है। बच्चा केवल “क्या है?” नहीं पूछता। वह “क्यों?”, “कैसे?” और “इसका प्रमाण क्या है?” जैसे सवाल भी पूछता है। वह सीखी बातों को जोड़कर समझने, तर्क करने और कारण खोजने की कोशिश करता है। इसी चरण में सीखना धीरे-धीरे अधिक व्यवस्थित और विषय-केंद्रित होता जाता है। PARAKH भी कक्षा 6–8 को अधिक औपचारिक सीखने और व्यावसायिक अभिमुखीकरण की तैयारी से जोड़ता है।

चौथा Stage — Secondary Stage (4 वर्ष)

आयु: 14-18 वर्ष | कक्षाएँ: 9-12 

14–18 वर्ष की उम्र में बच्चे Secondary Stage में आते हैं। इसमें कक्षा 9 से 12 तक की पढ़ाई शामिल है। NEP 2020 इसे केवल 9–10 और 11–12 की पुरानी व्यवस्था के रूप में नहीं देखता। यह चार वर्षों को एक व्यापक और बहुविषयक learning stage के रूप में देखता है।

कक्षा 9–10 में विद्यार्थियों को अलग-अलग विषयों को समझने का व्यापक अवसर मिलता है। वे concepts को गहराई से समझते हैं, तर्क करते हैं, अपने विचार रखते हैं और विभिन्न विषयों के बीच संबंध खोजते हैं। इसका उद्देश्य उनकी सोच को अधिक व्यापक बनाना है।

कक्षा 11–12 में विद्यार्थियों को अपनी रुचि और जरूरत के अनुसार विषय चुनने की अधिक स्वतंत्रता मिलती है। Arts, Science और Commerce की पुरानी कठोर सीमाएँ कम करने पर जोर है। सवाल यह नहीं होना चाहिए कि “तुम Science वाले हो या Arts वाले?” बल्कि यह होना चाहिए कि “तुम्हारे लिए कौन-से विषयों का combination सबसे उपयोगी और meaningful है?”

यही कारण है कि NEP/NCF में Secondary Stage को केवल 9–10 और फिर 11–12 की पारंपरिक मानसिकता से देखने की बजाय चार वर्ष की एक व्यापक multidisciplinary stage के रूप में देखा गया है। NCF-SE 2023 इसे दो phases में व्यवस्थित करता है:

Phase 1 → Grades 9–10

Phase 2 → Grades 11–12

Grades 9–10 एवं 11-12 की खास बातें

कक्षा 9–10

  • विद्यार्थियों की सीखने की दुनिया को व्यापक बनाने पर जोर दिया जाता है।
  • विद्यार्थी विषयों की अवधारणाओं को गहराई से समझते हैं।
  • वे तर्क करते हैं और अपने विचारों के पक्ष में बात रखते हैं।
  • विद्यार्थी विभिन्न विषयों के बीच संबंधों को समझते हैं।
  • NCF-SE 2023 व्यापक curricular engagement पर जोर देता है।

कक्षा 11–12

  • विद्यार्थियों को अपनी रुचि और जरूरत के अनुसार विषय चुनने की अधिक स्वतंत्रता मिलती है।
  • विद्यार्थी चुने हुए विषयों में गहराई से सीखने के अवसर पाते हैं।
  • Arts, Science और Commerce के बीच की कठोर सीमाएँ कम करने पर जोर है।
  • विद्यार्थी अलग-अलग क्षेत्रों के विषयों को अपनी रुचि के अनुसार जोड़ सकते हैं।
  • इससे विद्यार्थियों के लिए multidisciplinary learning के अवसर बढ़ते हैं।

यानी सवाल यह नहीं होना चाहिए कि “तुम Science वाले हो या Arts वाले?”, बल्कि यह होना चाहिए कि “तुम्हारी रुचि और भविष्य की जरूरतों के अनुसार कौन-से विषयों का संयोजन तुम्हारे लिए सबसे सार्थक है?”

5+3+3+4 का असली परिवर्तन “सिर्फ कक्षाओं” में नहीं, Pedagogy में है

यही इस पूरी व्यवस्था की सबसे जरूरी बात है। स्कूल में केवल कक्षाओं को चार चरणों में बाँट देना काफी नहीं है। यदि पढ़ाने का तरीका पुराना ही रहे, तो बदलाव अधूरा रह जाएगा।

5+3+3+4  शिक्षा की नई सीखने की संरचना देता है। अर्थात असली बदलाव तब आएगा, जब बच्चों की उम्र और जरूरत के अनुसार पढ़ाया जाएगा। सीखने में अनुभव, गतिविधि और समझ को जगह मिलेगी। मूल्यांकन भी बच्चे की वास्तविक सीख को समझने का माध्यम बनेगा।

एक Stage से दूसरे Stage में “Pedagogical Transition”

एक Stage से दूसरे Stage में Pedagogical Transition: NEP 2020 की developmental progression
एक Stage से दूसरे Stage में Pedagogical Transition: Play और Exploration से Critical Thinking और Application तक सीखने की क्रमिक यात्रा।

इसीलिए NEP 2020 का 5+3+3+4 मॉडल केवल administrative classification नहीं बल्कि developmental progression है।

FLN को Foundational Stage के केंद्र में क्यों रखा गया?

NEP 2020 ने Foundational Literacy and Numeracy (FLN) को अत्यंत उच्च प्राथमिकता दी है। NIPUN Bharat के अनुसार, प्राथमिक शिक्षा में प्रत्येक बच्चे को बुनियादी पढ़ने-लिखने और गणितीय समझ से सक्षम बनाना शिक्षा व्यवस्था की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसका तर्क भी सीधा है। यदि बच्चा ठीक से पढ़ नहीं सकता, अपने विचार लिखकर व्यक्त नहीं कर सकता या बुनियादी गणितीय तर्क नहीं कर सकता, तो आगे के stages में Science, Social Science, Mathematics और अन्य विषयों को समझना उसके लिए कठिन होगा। इसलिए Foundational Stage पूरी school education की आधारशिला है।

5+3+3+4 और Assessment Reform

  • Assessment का उद्देश्य केवल यह देखना नहीं है कि बच्चे ने कितने तथ्य याद किए हैं।
  • Assessment से यह समझना जरूरी है कि बच्चा क्या समझता है और क्या कर सकता है।
  • यह भी देखना चाहिए कि बच्चा कैसे सोचता है और सीखी बातों को कहाँ लागू करता है।
  • Foundational Stage में बच्चे के सीखने को समझने के लिए observation का विशेष महत्व है।
  • आगे के stages में assessment अधिक structured होता जाता है।
  • फिर भी competency और learning progression पर लगातार ध्यान दिया जाता है।
  • इसलिए Marks से Learning Evidence की ओर बढ़ना जरूरी है।
  • Recall से Competency की ओर बढ़ना assessment में महत्वपूर्ण बदलाव है।
  • One-time Test से Continuous Learning Evidence की ओर बढ़ना भी आवश्यक है।

निष्कर्ष

NEP 2020 का 5+3+3+4 School Structure वास्तव में school education को चार हिस्सों में बाँटने की योजना से कहीं अधिक व्यापक विचार है। इसका मूल उद्देश्य बच्चे की विकासात्मक अवस्था के अनुरूप curriculum, pedagogy और assessment को पुनर्गठित करना है। Foundational Stage में play और FLN से शुरू होकर Preparatory Stage में exploration, Middle Stage में conceptual understanding और inquiry तथा Secondary Stage में multidisciplinary learning, depth और choice तक एक क्रमिक learning journey दिखाई देती है।

लेकिन यहाँ से एक और महत्वपूर्ण प्रश्न उठता है—क्या केवल structure बदल देने से classroom में learning बदल जाएगी?

शायद नहीं।

असली चुनौती है कि शिक्षक इन चारों stages की developmental needs को समझें और उसी के अनुसार teaching-learning practices विकसित करें।

इसलिए अगले चरण में हमें और गहराई से देखना होगा कि Foundational Stage में 3 वर्ष की preschool/ECCE से Grade 2 तक आखिर क्या और कैसे पढ़ाया जाना चाहिए, और FLN को इस पूरी व्यवस्था की foundation क्यों माना गया है।

इसलिए NEP 2020 के 5+3+3+4 School Structure को सही अर्थों में समझने के लिए NEP 2020 से आगे बढ़कर NCF-FS 2022 और NCF-SE 2023 को साथ पढ़ना जरूरी है। यही दस्तावेज इस नई संरचना को विचार से व्यवहार की ओर ले जाने की दिशा स्पष्ट करते हैं।

NEP 2020: एक समग्र समझ  

What is Bilingual Teaching? यह अंग्रेजी शिक्षण को कैसे प्रभावी बनाता है आज के आधुनिक शैक्षिक परिदृश्य में यह समझना बेहद जरूरी है कि Bilingual Teaching क्या है?

Share this article

By Radhe Shyam Thawait

Radhe Shyam Thawait is an educational consultant, teacher educator, and curriculum specialist with over 30 years of experience in school education. As the Founder of RST EDU, he publishes research-based educational resources, practical classroom strategies, and leadership insights to support teachers, school leaders, teacher educators, and education professionals while promoting the effective implementation of NEP 2020 and NCF 2023.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *